महासमुंद के खल्लारी माता मंदिर में रोपवे हादसा: केबल टूटने से ट्रॉली गिरी, युवती की मौत, 4 घायल

खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे केबल टूटा। ट्रॉली 20 फीट नीचे गिरी और चट्टान से टकराई। हादसे में युवती की मौत, 4 की हालत गंभीर।

महासमुंद के खल्लारी माता मंदिर में रोपवे हादसा: केबल टूटने से ट्रॉली गिरी, युवती की मौत, 4 घायल

छत्तीसगढ़। महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में चैत्र नवरात्र के चौथे दिन बड़ा हादसा हो गया। रविवार को सुबह करीब 10:30 बजे मंदिर पहुंचने के लिए बने रोपवे का केबल अचानक टूट गया और ट्रॉली 20 लगभग फीट की ऊंचाई से नीचे गिरकर पहाड़ी की चट्टान से टकरा गई। ट्रॉली में सवार 5 श्रद्धालु थे। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

देवी के दर्शन कर रोपवे से लौट रहे थे श्रद्धालु 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी श्रद्धालु दर्शन करके रोपवे से नीचे लौट रहे थे। तभी अचानक केबल टूटने से ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और तेजी से नीचे गिर गई। गिरते ही ट्रॉली चट्टान से टकराई, जिससे उसमें बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों की मदद से पहले बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

चैत्र नवरात्र के चलते यहां भारी भीड़ जुटी थी

चैत्र नवरात्र के कारण खल्लारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। वहीं, इस हादसे के बाद रोप-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोपवे का नियमित रखरखाव नहीं किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर इसकी जांच और मरम्मत होती, तो इस तरह की दुर्घटना से बचा जा सकता था।

फिलहाल, घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

खल्लारी माता मंदिर के बारे में जानिए

महासमुंद जिले से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित खल्लारी माता मंदिर एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। पहाड़ी की चोटी पर बने इस मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। हालांकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे की व्यवस्था भी की गई है। नवरात्र के दौरान यहां हर साल बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसा माना जाता है कि महाभारत युग में पांडव अपनी यात्रा के दौरान इस पहाड़ी की चोटी पर आए थे।