Bhopal:रजाई-गद्दे की दुकान में भीषण आग, 45 मिनट देरी से पहुंची दमकल
कटारा हिल्स में देर रात रजाई-गद्दे की दुकान में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड के 45 मिनट देर से पहुंचने और गाड़ी खराब होने के कारण पूरी दुकान जलकर खाक हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
भोपाल: राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में गुरुवार- शुक्रवार की देर रात एक रजाई-गद्दे की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें करीब 20 फीट तक ऊपर उठती नजर आई। आगजनी की इस घटना में पूरी दुकान जलकर खाक हो गई।
स्प्रिंग वैली में देर रात भड़की आग
कटारा हिल्स के स्प्रिंग वैली क्षेत्र में स्थित श्री वृंदावन फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट के पास यह दुकान है। देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
दमकल पहुंचने में 45 मिनट की देरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था, लेकिन फायर ब्रिगेड करीब 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी भी खराब
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब दमकल की गाड़ी पहुंची, तो वह भी खराब निकली। कर्मचारियों ने पहले गाड़ी को ठीक करने की कोशिश की और फिर संसाधन जुटाने लगे। इस प्रक्रिया में और समय लग गया, जिससे आग और फैल गई।
पूरी दुकान जलकर खाक
दमकल द्वारा आग बुझाने तक रजाई-गद्दे की पूरी दुकान जल चुकी थी। घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सामने आया है। दमकल की देरी और लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई होती तो नुकसान कम हो सकता था।
sanjay patidar 
