कांग्रेस ने लगाया शिक्षा टेंडर घोटाले का आरोप, मुकेश नायक ने की SIT जांच की मांग
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षा विभाग से जुड़े टेंडरों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में “शिक्षा माफिया सिंडिकेट” सक्रिय है, जो टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कर रहा है।
मुकेश नायक का आरोप है कि साल 2023 में शिक्षा विभाग के टेंडरों में नियमों को इस तरह बनाया गया कि कुछ खास लोगों और कंपनियों को फायदा मिल सके। उन्होंने दावा किया कि बड़ी और सक्षम कंपनियों को जानबूझकर प्रक्रिया से बाहर किया गया। उपकरणों की खरीद में भी भारी अनियमितता का आरोप लगाया गया है। उनके अनुसार, करीब 39 हजार रुपये कीमत वाले कंप्यूटर को 1 लाख 39 हजार रुपये में और 25 हजार रुपये के प्रिंटर को लगभग 1 लाख रुपये में खरीदा गया।
इस पूरे मामले में शौरभ शर्मा और गौरव शर्मा के नाम सामने आने की बात कही गई है। साथ ही टेंडर प्रक्रिया में IAS अधिकारी शिल्पा गुप्ता का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस ने राज्य सरकार से इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने और फोरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की है। कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
वहीं, मुकेश मल्होत्रा से जुड़े मामले पर नायक ने कहा कि हालिया निर्णय लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि जो उम्मीदवार सात हजार वोट से हार गया था, उसे विधायक घोषित कर दिया गया था, जिसे अब सही किया गया है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Varsha Shrivastava 
