सड़क हादसे में गंभीर घायल युवक के लिए डायल 112 बनी फरिश्ता
मऊगंज में दर्दनाक हादसा: बाइक फिसली, क्लच लीवर युवक के हाथ में धंसा
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नईगढ़ी-गढ़ मार्ग पर बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात एक बाइक चालक युवक गंभीर हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक का क्लच लीवर टूटकर सीधे युवक के बाएं हाथ में धंस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक गेंदलाल कोल (28 वर्ष), पिता मंगलेश्वर कोल, निवासी घोरहा, थाना नईगढ़ी, अपनी बाइक से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बनी दरार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही बाइक का क्लच लीवर की नुकीली रॉड टूटकर उसके हाथ में गहराई तक घुस गया।
घटना के बाद युवक के हाथ से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की एफआरवी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। नईगढ़ी थाना में पदस्थ रितिक सिंह और पायलट महेंद्र मिश्रा ने बिना देरी किए घायल को वाहन में लिटाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया।

चिकित्सकों के अनुसार युवक के हाथ की हड्डियों और नसों में गंभीर चोट आई है। हाथ में धंसी लोहे की रॉड निकालने के लिए ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, डायल 112 अधिकारियों ने लोगों से वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने सहित हेलमेट और अन्य सेफ्टी गियर का उपयोग करने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
