मऊगंज में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, राजनीतिक दलों को सौंपी गई प्रतियां
मऊगंज में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई. कलेक्ट्रेट में आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तथा निष्पक्ष चुनाव को लेकर चर्चा हुई.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। राज्य निर्वाचन आयोग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने की।
बैठक में निर्वाचन सुपरवाइजर के साथ भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी राजनीतिक दलों ने मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव और सुझाव प्रस्तुत किए।
डुप्लीकेट मतदाताओं और ऑनलाइन पंजीयन पर हुई चर्चा
बैठक में डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उनके विरुद्ध की जा रही कार्रवाई, ऑनलाइन मतदाता पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने, दावा-आपत्ति केंद्रों की व्यवस्था तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि राजनीतिक दलों को समय पर मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी।
राजनीतिक दलों को सौंपी गई अंतिम मतदाता सूची
बैठक के बाद अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची की एक-एक प्रति सभी उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, ताकि वे सूची का परीक्षण कर सकें और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग दे सकें।
"शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला"
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जा रहा है और राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बनाकर आगामी चुनाव प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय बनाया जाएगा।
बैठक में मऊगंज नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, हनुमना नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Anubhav Dubey 
