मऊगंज में चोरों का आतंक: पथरहा गांव की किराना दुकान से 3 लाख नकद और सामान चोरी

मऊगंज के पथरहा गांव में चोरों ने छत के रास्ते किराना दुकान में घुसकर 3 लाख रुपये नकद और सामान चोरी कर लिया.। पुलिस जांच में जुटी.

मऊगंज में चोरों का आतंक: पथरहा गांव की किराना दुकान से 3 लाख नकद और सामान चोरी

मऊगंज जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. ताजा मामला मऊगंज थाना क्षेत्र के पथरहा गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

जानकारी के अनुसार, चोर पड़ोस के मकान की सीढ़ियों के सहारे छत पर चढ़े और वहीं से दुकान के अंदर प्रवेश कर गए. बदमाशों ने दुकान में रखे करीब 3 लाख रुपये नकद और राजश्री की दो बोरी चोरी कर ली, जिसकी कीमत लगभग 17 हजार रुपये बताई जा रही है.

 दुकानदार और बेटा सोते रहे, चोरों ने वारदात को दिया अंजाम

घटना के समय दुकान संचालक शिवशंकर गुप्ता अपने छोटे बेटे के साथ दुकान के अंदर दूसरे कमरे में सो रहे थे। चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।

 किसानों के भुगतान के लिए रखा पैसा भी हुआ चोरी

पीड़ित शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि वह किराना दुकान के साथ गल्ला व्यापार भी करते हैं. उन्होंने किसानों को भुगतान करने के लिए बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे, जो भी चोरी हो गए। इसके अलावा दुकान की नकदी भी बदमाश अपने साथ ले गए.

 पुलिस ने शुरू की जांच, फिंगर एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही मऊगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिंगर एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.

पुलिस गश्त पर उठे सवाल

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित गश्त होती, तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी मऊगंज में 30 लाख से अधिक की चोरी की घटना सामने आई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरियों के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं.