5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% रिजल्ट, नरसिंहपुर जिला दोनों कक्षाओं में टॉप

MP 5वीं-8वीं रिजल्ट 2026। 95% से ज्यादा छात्र पास, बेटियों ने मारी बाजी। ग्रामीण क्षेत्र का रिजल्ट शहरी क्षेत्र से बेहतर।

5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% रिजल्ट, नरसिंहपुर जिला दोनों कक्षाओं में टॉप

मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं के बोर्ड पैटर्न पर आयोजित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी नतीजों में इस साल शानदार सफलता दर देखने को मिली है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है। इस साल 23.68 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से लगभग 17 लाख बच्चे पास हुए हैं।

मंत्रालय, वल्‍लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्‍कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कक्षा 5वीं एवं कक्षा 8वीं के परीक्षा परिणामों की घोषणा की। उन्‍होंने बताया कि प्रदेश के समस्त विद्यालयों का कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 95.14 प्रतिशत और कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 93.83 प्रतिशत रहा है। कक्षा 5वीं में 96.19 प्रतिशत छात्राएं और 94.15 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं, कक्षा 8वीं में 94.98 प्रतिशत छात्राएं और 92.74 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

8वीं का रिजल्ट दमदार: 93.83% विद्यार्थी पास, छात्राओं ने फिर मारी बाजी

मध्य प्रदेश में कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम इस बार काफी बेहतर रहा है। कुल 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। पहली बार बोर्ड पैटर्न पर आयोजित इस परीक्षा के नतीजों ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। रिजल्ट में छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। छात्राएं 94.98% और छात्र 92.74% उत्तीर्ण हुए हैं। यह अंतर साफ दिखाता है कि बेटियां लगातार शिक्षा में आगे बढ़ रही हैं।

5वीं का रिजल्ट शानदार: 95.14% विद्यार्थी पास, छात्राएं अव्वल

मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम इस बार बेहद उत्साहजनक रहा है। कुल 95.14 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। पहली बार बोर्ड पैटर्न पर आयोजित इस परीक्षा में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। रिजल्ट में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। छात्राएं 96.19% और छात्र: 94.15% उत्तीर्ण हुए हैं। इससे साफ है कि प्राथमिक स्तर पर भी बेटियां लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

8वीं में इंदौर संभाग और नरसिंहपुर जिला रहे अव्‍वल
कक्षा 8वीं के परिणामों में टॉप 10 संभाग क्रमशः इंदौर, नर्मदापुरम, शहडोल, जबलपुर, भोपाल, चंबल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और रीवा रहे।
कक्षा 8वीं के परिणामों में टॉप 10 जिले क्रमशः नरसिंहपुर, अलीराजपुर, डिंडोरी, झाबुआ, बालाघाट, अनूपपुर, सीहोर, छिंदवाड़ा, बडवानी, और मंडला रहे।
5वीं में शहडोल संभाग औक नरसिंहपुर जिला रहे अव्‍वल
कक्षा 5वीं में टॉप 10 संभाग क्रमशः शहडोल, नर्मदापुरम, इंदौर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा और सागर रहे। 
कक्षा 5वीं के परिणामों में टॉप 10 जिले क्रमशः नरसिंहपुर, डिंडोरी, बालाघाट, झाबुआ, अलीराजपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, इंदौर और बड़वानी रहे।
सरकारी स्कूलों का रिजल्ट प्राइवेट स्कूलों से बेहतर रहा
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि ये प्रेस कांफ्रेंस ऐसी है जो खुशियां देने वाली है। आज मध्यप्रदेश के लाखों बच्चों को इस रिजल्ट के माध्यम से खुशी मिलने वाली है। इस साल पिछले साल से बेहतर परिणाम आया। मंत्री सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का रिजल्ट शहरी क्षेत्र से बेहतर रहा। वहीं सरकारी स्कूलों का रिजल्ट प्राइवेट स्कूलों से बेहतर रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल रिजल्ट अच्छा रहा। उन्होंने कहा पहली बार बड़े लेवल पर रिजल्ट जारी किया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग के अपर संचालक अरुण ने कहा कि रिजल्ट में कोई त्रुटि न हो, इसके लिए एक छात्र के मार्क्स की 220 बार एंट्री की गई। एक लाख से ज्यादा टीचरों ने ये कार्य मैनुअली किया है। इसके बाद भी यदि किसी बच्चे को अपने मार्क्स को लेकर कोई कन्फ्यूजन या समस्या हो तो वह दोबारा मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। 322 मूल्यांकन केंद्र बने, 1 लाख से अधिक शिक्षकों ने मूल्यांकन किया और रेंडम तकनीक से मूल्यांकन हुआ है।