मऊगंज: नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने संभाला पदभार
पुलिसिंग में पारदर्शिता और सख्ती के दिए संकेत, थाना प्रभारियों की बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने शनिवार की शाम पदभार ग्रहण करते ही पुलिसिंग में पारदर्शिता और सख्ती के संकेत दिए है। पद संभालने के तुरंत बाद SP ने एएसपी, एसडीओपी, थाना और चौकी प्रभारियों के साथ पुलिस कंट्रोल रूम में उच्च स्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की कार्यशैली को लेकर नई प्राथमिकताएं तय की।

करीब एक घंटे चली बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। सभी पुलिसकर्मियों को साफ-सुथरी वर्दी और मर्यादित वेशभूषा में ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान और जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार को भी अनिवार्य बताया।

बैठक में एसपी ने NDPS एक्ट के तहत नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्यवाही करने, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और जिले के हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही बीट व्यवस्था मजबूत करने और पीड़ितों से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।

महिला अपराधों की रोकथाम, गुमशुदा बालक बालिकाओं की त्वरित तलाश और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी गंभीर शिकायत की स्थिति में थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच सुनिश्चित करें। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित विशेष बैठक में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी सचि पाठक सहित जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारी उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
