11 मैच का इंतजार, 8 गेंदे फेंकी फिर चोटिल! 18 करोड़ के इस प्लेयर ने KKR की लुटिया डुबो दी

पथिराना को GT के खिलाफ इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में फिन एलन की जगह मैदान पर भेजा गया. बॉलिंग करते हुए 6 गेंदें डालने के बाद वो असहज महसूस करने लगे. और 8 गेंद कराने के बाद मैदान के बाहर चले गए.

11 मैच का इंतजार, 8 गेंदे फेंकी फिर चोटिल! 18 करोड़ के इस प्लेयर ने KKR की लुटिया डुबो दी

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए GT के खिलाफ मैच बहुत खास था. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए उन्हें गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ जीत की जरूरत थी. ऐसा हुआ भी. टीम ने मैच 29 रनों से जीता. लेकिन मैच में KKR को एक बड़ा झटका लगा. श्रीलंका के पेसर मथीशा पथिराना का लंबे इंतजार के बाद डेब्यू हुआ, लेकिन सिर्फ 8 गेंदें फेंकने के बाद वो चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए.

पथिराना के लिए IPL 2026 के मिनी-ऑक्शन में KKR ने 18 करोड़ खर्च किया था. इतनी बड़ी रकम देकर टीम ने उनसे काफी उम्मीदें लगाई थीं. वो डेथ ओवरों के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं. वो स्लिंगी एक्शन और यॉर्कर बॉल डालने के लिए मशहूर हैं. लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया.

लंबे इंतजार के बाद हुआ था डेब्यू

पाथिराना इस सीजन के पहले 11 मैच नहीं खेल पाए थे. T20 वर्ल्ड कप के दौरान बाएं पैर की काफ मसल में उन्हें चोट लग गई थी. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की मेडिकल टीम की निगरानी में उन्होंने रिहैब किया. आखिरकार क्लियरेंस मिला और वो भारत आए.

शनिवार, 16 मई की रात को KKR vs GT मैच में उन्हें इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में फिन एलन की जगह मैदान पर भेजा गया. ये उनका KKR के लिए पहला मैच था. लेकिन खुशी ज्यादा देर तक नहीं रही.

पाथिराना ने 6 ही बॉल डाला था और खुद को असहज महसूस करने लगे. जिसके बाद फिजियो मैदान पर आए. पथिराना ने कोशिश की और दो गेंदे और फेंकी. लेकिन 8 गेंदों के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. शायद उनकी पुरानी चोट फिर से उभर आई. 

KKR पर असर

KKR की टीम इस सीजन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है. टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कमजोर हो रही हैं. ऐसे में 18 करोड़ के खिलाड़ी का चोटिल होना टीम के लिए बड़ा झटका है. पाथिराना से उम्मीद थी कि वो डेथ ओवरों में कंट्रोल लाएंगे और तेज गेंदबाजी के साथ वैरिएशन देंगे. पिछले कुछ दिनों KKR के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने कहा था कि पाथिराना पूरी तरह फिट हैं और उपलब्ध हैं.

उन्होंने बोला था,

"वो टीम में क्वालिटी जोड़ते हैं. उनका होना पूरे ग्रुप को कॉन्फिडेंस देता है."

लेकिन अब पथिराना की नई चोट की चिंता और बढ़ गई है. KKR को अब IPL के प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए अपने बचे दोनों मैच जीतने होंगे. इतना ही टीम को बाकी टीमों के मैचों पर भी फोकस करना होगा. KKR का क्वालिफिकेशन अब सिर्फ उनके हाथ में नहीं है.