वर्ल्ड कप से जुड़ी संजू की ये बाते सुनकर आप भी इमोशनल हो सकते हैं
Sanju Samson ने कहा कि अगर वो भारतीय टीम में फेल हो जाते, तो केरल के लोग सोचते कि इस जगह का लड़का कुछ बड़ा हासिल नहीं कर सकता. इसलिए उन्होंने खुद को साबित करने की ठानी. वर्ल्ड कप से जुड़ी कई बातों को उन्होंने शेयर किया है.
T20 World Cup में मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए संजू सैमसन (Sanju Samson) का फाइनल के बाद एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में संजू और प्लेयर्स से अलग खड़े दिख रहे थे. संजू कमेंटेटर हर्षा भोगले के साथ बैठ भी दिखाई दिए थे. जिसका अब संजू ने खुलासा किया है कि उनकी क्या बात हुई थी. ओपनर बैटर ने इंडियन टीम और अपनी बेस्ट इनिंग के बारे में भी बात की.
हाल ही में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने एक इंटरव्यू में बताया कि पूरी टीम अब सामूहिक सफलता पर फोकस करती है, न कि व्यक्तिगत माइलस्टोन पर. संजू ने कहा कि कप्तान और कोच ने ड्रेसिंग रूम में ये मैसेज बार-बार दिया कि टीम पहले, व्यक्तिगत रिकॉर्ड बाद में.
संजू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा,
"अब सब इसी तरह सोचते हैं. ये कप्तान और कोच की ओर से एक सोचा-समझा फैसला था. टीम मैनेजमेंट का यही मैसेज है कि टीम पहले आए, व्यक्तिगत माइलस्टोन बाद में. संजू ने अपनी सोच के बारे में कहा कि वो हमेशा खुद के साथ ईमानदार रहते हैं. उन्होंने कहा, मैं कभी सेल्फलेस बनना नहीं चाहता था. मैं हमेशा खुद पर फोकस करना चाहता हूं.
संजू सैमसन ने आगे कहा कि केरल की अंडर-13 टीम से लेकर अब तक, वो टीम की जीत के लिए खेलते आए हैं. जीत के लिए जो भी करना पड़े उसके लिए वो हर कोशिश करने को तैयार रहते हैं. करना पड़े, वो करने की कोशिश करते हैं. संजू केरल के त्रिवेंद्रम से हैं और देश के लिए खेलना उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. वो बताते हैं कि केरल के बहुत से युवा और अलग-अलग क्षेत्रों के लोग उन्हें देखते हैं. अगर वो भारतीय टीम में फेल होते हैं, तो लोग सोचते हैं कि इस जगह का लड़का बड़ा मुकाम हासिल नहीं कर सकता. इसलिए संजू ने खुद को साबित करने की ठानी कि केरल का लड़का भी दुनिया के सबसे बड़े स्टेज पर परफॉर्म कर सकता है. बकौल संजू, उनकी हाल की परफॉर्मेंस ने केरल के कई युवाओं को बड़े सपने देखने की हिम्मत दी है.
सबसे खास पारी
T20 वर्ल्ड कप में संजू ने कई यादगार पारियां खेलीं. संजू के मुताबिक वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी 97 रनों की पारी बहुत खास थी. वह मैच सुपर-8 में था, जहां भारत को जीत की जरूरत थी. चेज करते हुए संजू ने एक छोर से पार्टनरशिप बनाई, विकेट गिरते रहे, प्रेशर बढ़ता रहा, लेकिन वो संयम से खेले और टीम को जीत दिलाकर लौटे. संजू ने बताया, मेरे लिए 97 रनों की वो पारी काफी खास है. वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच काफी अहम था.
सचिन ने दी बधाई
वर्ल्ड कप जीतने के बाद संजू सैमसन को बहुत सारे बधाई संदेश आए. सचिन तेंदुलकर का मैसेज उनके लिए बहुत इमोशनल था. संजू ने बताया, मुझे बहुत सारे कॉल और मैसेज आए. सचिन सर का भी एक मैसेज आया, जो कि मेरे लिए काफी इमोशनल पल था.”
हर्षा ने क्या कहा?
फाइनल के बाद एक तरफ टीम इंडिया के प्लेयर्स जश्न मना रहे थे. लेकिन संजू पीछे बैठे थे. तभी वहां कमेंटेटर हर्षा भोगले पहुंचे, और वो संजू के साथ बैठ गए. संजू ने बताया, हर्षा ने मुझसे कहा कि ईमानदारी और मेहनत जरूर रंग लाती है. ये मेरे लिए बहुत भावुक पल था.
धोनी से सीखेंगे
अब संजू सैमसन का पूरा फोकस इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) पर है. वो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ खेलेंगे, जहां एमएस धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करेंगे. संजू उत्साहित हैं कि धोनी से तैयारी और क्रिकेट अप्रोच सीखने का मौका मिलेगा.
उन्होंने बताया कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना उनके लिए अजीब अनुभव होगा, क्योंकि पहली बार वो अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलेंगे. संजू ने कहा कि हर खिलाड़ी किसी टीम के साथ एक दौर पूरा करता है, और उन्होंने महसूस किया कि राजस्थान में उनका समय खत्म हो गया था.
shivendra 
