PM मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, मिर्जियोयेव से मुलाकात; यूरेनियम सप्लाई पर लॉन्ग टर्म डील
PM नरेंद्र मोदी ने ताशकंद में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव से द्विपक्षीय वार्ता की. दोनों देशों के बीच यूरेनियम सप्लाई के लिए लॉन्ग टर्म व्यवस्था, बिजनेस समिट और कई अहम समझौतों पर बात हुई. पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान भी मिला.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ ताशकंद में द्विपक्षीय वार्ता की. दोनों नेताओं के बीच व्यारार, निवेश, उर्जा, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. इस दौरान दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई.
प्रधानमंत्री मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान ‘ओली दराजली दोस्तलिक’ से भी सम्मानित किया गया. पीएम ने सम्मान स्वाकार करते हुए इसे भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत रिश्तों को समर्पित किया.

15 साल की रणनीतिक साझेदारी
राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि इस साल भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी के 15 साल पूरे हो रहे हैं. दोनों देश अब अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए कई अहम क्षेत्रों और परियोजनाओं की पहचान की है. इन समझौतों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए आगे रोडमैप तैयार किया जाएगा.

यूरेनियम सप्लाई के लिए लॉन्ग टर्म व्यवस्था
बैठक में उर्जा क्षेत्र को लेकर भी बड़ा फैसला सामने आया. प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और उज्बेकिस्तान यूरेनियम की सप्लाई के लिए लॉन्ग टर्म व्यवस्था बनाएंगे. इसके अलावा दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के स्तर पर एक समन्वय परिषद बनाने पर सहमति बनी है. इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और तालमेल को आगे बढ़ाना होगा.
दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स की होगी बैठक
पीएम मोदी ने बताया कि भारत और उज्बेकिस्तान मिलकर एक बिजनेस समिट भी आयोजित करेंगे. इसमें दोनों देशों के कारोबारी और बिजनेस लीडर्स हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट समझौते किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि इन समझौतों की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा.
GIFT City और New Tashkent के बीच सहयोग पर जोर
पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान के New Tashkent और गुजरात की GIFT City का भी जिक्र किया. उन्होंने दोनों देशों के बीच विकास, तकनीक और आधुनिक शहरी ढांचे से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बात कही.
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति बोले- भारत हमारा रणनीतिक साझेदार
राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने भारत को उज्बेकिस्तान का रणनीतिक साझेदार बताया. उन्होंने कहा कि पिछले साल दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार पहली बार एक अरब डॉलर से ज्यादा हुआ. उन्होंने यह भी बताया कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच जॉइंट वेंचर की संख्या कई गुना बढ़ी है. भारत और उज्बेकिस्तान के बीच हर सप्ताह करीब 14 सीधी उड़ानें संचालित होती हैं.

भारतीयों के लिए 30 दिन की वीजा फ्री सुविधा
मिर्जियोयेव ने बताया कि भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा-फ्री सुविधा शुरू होने से दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और लोगों का संपर्क और मजबूत होगा. उन्होंने इसे भारत-उज्बेकिस्तान के मजबूत सांस्कृतिक संबंधों के लिए भी महत्वपूर्ण बताया.
योग कार्यक्रम में भी शामिल हुए PM मोदी
उज्बेकिस्तान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक विशेष योग कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया. इसमें उज्बेकिस्तान के योग साधकों ने हिस्सा लिया. यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते सांस्कृतिक और लोगों के बीच संबंधों का भी उदाहरण रहा. प्रधानमंत्री मोदी 29-30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा पर हैं. इसके बाद वह 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO Summit में हिस्सा लेंगे.

