यूपी के लखीमपुर में सड़क हादसे में 9 की मौत ट्रक ने मैजिक को मारी टक्कर
यूपी के लखीमपुर में सड़क हादसे में 9 की मौत ट्रक ने मैजिक को मारी टक्कर कई लोग फंस गए सीट के बीच में
लखीमपुर खीरी में 18 मई की सुबह 7.30 बजे भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को टक्कर मार दी। मैजिक में दो महिलाओं समेत 10-लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक घिसटते हुए 10 फीट दूर जाकर रुकी। अंदर बैठे लोग सीट के बीच में ही फंस गए। उनकी वहीं मौत हो गई, जबकि कुछ यात्री उछलकर सड़क पर गिरे। मैजिक और सड़क पर खून ही खून फैल गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- ट्रक तेज रफ्तार में था। अचानक बेकाबू हो गया। उसने सामने से आ रही मैजिक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसा जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गांव अदलीसपुर के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक में 12 सवारियां थीं, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोगों की मदद से मैजिक में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। सभी को सीएचसी खमरिया भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है, जबकि चार घायल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

