9 अगस्त से रीवा-भोपाल और रीवा-कोलकाता के लिए उड़ान शुरू, केंद्रीय मंत्री को शुभारंभ का न्योता

9 अगस्त से रीवा-भोपाल और रीवा-कोलकाता के बीच नई विमान सेवा शुरू होगी। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू को शुभारंभ कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।

9 अगस्त से रीवा-भोपाल और रीवा-कोलकाता के लिए उड़ान शुरू, केंद्रीय मंत्री को शुभारंभ का न्योता

भोपाल। विंध्य क्षेत्र के लोगों को जल्द ही हवाई यात्रा की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। 9 अगस्त से रीवा-भोपाल और रीवा-कोलकाता के बीच नई विमान सेवाएं शुरू होंगी। इसको लेकर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर उन्हें शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में हवाई संपर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू होने वाली नई फ्लाइट्स से विंध्य क्षेत्र में उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और निवेश को नई रफ्तार मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से विंध्य क्षेत्र देश के विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ेगा। इससे स्थानीय नागरिकों, छात्रों, कारोबारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।

रीवा एयरपोर्ट बना विकास का नया केंद्र

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट, जो कभी सिर्फ एक हवाई पट्टी था, आज उड़ान (UDAN) योजना के तहत विकसित होकर विंध्य क्षेत्र के विकास का मजबूत आधार बन गया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली और रायपुर के बाद अब भोपाल और कोलकाता के लिए भी सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इससे विंध्य क्षेत्र का देश के पूर्वी हिस्से और अन्य प्रमुख शहरों से संपर्क और बेहतर होगा।

नई उड़ानों के शुरू होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ यात्रियों को भी तेज और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।