रीवा में कलश यात्रा के दौरान हर्ष फायरिंग, पैर में गोली लगने से फोटोग्राफर घायल
चैत्र नवरात्रि के अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई।
रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाब नगर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में यात्रा का फोटो-वीडियो कवर कर रहे एक फोटोग्राफर पवन सेन घायल हो गए। गोली उनके पैर के अंगूठे में लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कलश यात्रा पचमठा आश्रम से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस लौट रही थी। जब यात्रा गुलाब नगर के पास पहुंची, तभी अचानक फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं और इसी दौरान फोटोग्राफर को गोली लग गई। घटना से मौके पर भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जिसमें कैमरा और मेमोरी कार्ड भी शामिल हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हर्ष फायरिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। वहीं डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत अब स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है, क्योंकि हाल के दिनों में रीवा में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
