सतना और मैहर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, धमकी भरा मेल मिलने से मचा हड़कंप
सतना जिला न्यायालय की ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल मिलने से हड़कंप मच गया। मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट और जज के दफ्तरों में 15 जहरीली गैस के बम दोपहर 1 बजे फटेंगे।
सतना। जिला न्यायालय सतना और आसपास की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक और न्यायिक महकमे में हड़कंप मच गया। जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और जजों के कार्यालयों में 15 जहरीली गैस वाले बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1 बजे विस्फोट करेंगे।
धमकी भरा मेल मिलते ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सूचना दी। उनके निर्देश पर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को कोर्ट परिसर में तैनात किया गया। इसके साथ ही मैहर, अमरपाटन सहित अन्य तहसील न्यायालयों में भी व्यापक सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।

सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया और हर संदिग्ध स्थान की बारीकी से जांच की। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि एहतियात के तौर पर अदालत परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। मेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है, लेकिन प्रशासन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहा है।

घटना के बाद प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
Varsha Shrivastava 
