सतना में डेंगू का कहर: मृत युवक की गर्भवती पत्नी और भाई भी संक्रमित, दो दिन में मिले 5 नए मरीज

Dengue Cases Satna: सतना में डेंगू से मृत राजेश कोरी की गर्भवती पत्नी और 18 वर्षीय भाई की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो दिन में पांच नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस जारी किया।

सतना में डेंगू का कहर: मृत युवक की गर्भवती पत्नी और भाई भी संक्रमित, दो दिन में मिले 5 नए मरीज

Satna Dengue News: सतना में डेंगू का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। डेंगू से 30 साल के राजेश कोरी की मौत के बाद अब उसकी पत्नी और भाई की एलाइजा जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि राजेश की पत्नी प्रियंका कोरी सात महीने की गर्भवती है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती होकर उपचार कराने की सलाह दी है। पिछले दो दिनों में जिले में डेंगू के पांच नए मरीज सामने आए हैं, जबकि बीते एक महीने में संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है।

डेंगू से मौत के बाद परिवार के दो सदस्य संक्रमित

जानकारी के मुताबिक, राजेश कोरी की 1 नवंबर को डेंगू से मौत हो गई थी। उसका परिवार पुणे में रहता था। तबीयत बिगड़ने पर वह सतना आया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की आशंका को देखते हुए परिवार के 10 सदस्यों के रक्त नमूने जांच के लिए भेजे थे। अब आई एलाइजा रिपोर्ट में राजेश की पत्नी प्रियंका कोरी (25) और भाई अजय कोरी (18) में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रियंका सात महीने की गर्भवती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार कराने की सलाह दी है।

दो दिन में मिले पांच नए मरीज

डेंगू के नए मामलों में बगहा निवासी राजकुमार कुशवाहा भी शामिल है। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और वह बिरला अस्पताल में भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों में पांच नए मरीजों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मरीज एक ही परिवार के हैं, जबकि एक मरीज रामनगर और दूसरा बगहा क्षेत्र का है। मलेरिया विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में जिले में डेंगू के कुल 10 मरीज सामने आ चुके हैं।

पॉजिटिव मरीजों की जानकारी छिपाई तो होगी कार्रवाई

डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस जारी किया है। सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने निर्देश दिए हैं कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मरीजों की जानकारी देने में लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने निजी चिकित्सा संस्थानों को निगरानी और रिपोर्टिंग व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए हैं।