शहडोल में 2 पेज की फोटोकॉपी के लिए 4000 रुपये का बिल पास
शहडोल जिले के कुदरी गांव में दो पेज की फोटोकॉपी के लिए 4000 रुपये का फर्जी बिल पास किया गया।
शहडोल जिले के जयसिंहनगर के कुदरी गांव में दो पन्ने की फोटो कॉपी का बिल 4 हजार रूपए आया है. कुदरी गांव सचिव और सरपंच की मिलीभगत से ये बिल पास किया गया हैं. सोशल मीडिया पर अब इस बिल की फोट वायरल हो रही है. जिसमे साफ लिखा है की 2 पेज की फोटो कॉपी कराने के लिए 2000 रुपये प्रति की दर से 4000 रुपये का भुगतान किया गया है.

यह बिल महराज फोटो कॉपी सेंटर एवं डिजिटल स्टूडियो के फर्म के नाम से बनाया गया है, इसके साथ ही और भी चीजों का जिक्र लिस्ट में किया गया है. हैरानी की बात तो ये है की इस बिल पर सरपंच सचिव ने अपनी मोहर लगाकर इसे पास करा कर इसका भुगतान भी करवाया है.

भ्रष्टाचार का यह कोई पहला मामला नहीं है, इसके पहले 4 लीटर पेंट से पुताई के नाम पर 168 मजदूर और 68 राज मिस्त्री लगाकर एक लाख सात हजार का बिल पास कराया गया था, फिर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक घंटे की चौपाल में 14 किलो ड्राई फ्रूट, 6 लीटर दूध और 5 किलो चीनी का बिल भी बनाया गया था.


