रेवाड़ी से शिवराज सिंह चौहान का राष्ट्रीय आह्वान: 'खेत बचाओ, भविष्य बचाओ' अभियान अब बनेगा मिशन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ रेवाड़ी में “खेत बचाओ अभियान” के समापन समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शमिल हुए और अपील करी कि प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण ही भविष्य का रास्ता है
रेवाड़ी (हरियाणा)/नई दिल्ली, 30 जून 2026।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा के रेवाड़ी स्थित कृषि महाविद्यालय, बावल में आयोजित "खेत बचाओ अभियान" के समापन समारोह और हरियाणा एफपीओ मिशन के शुभारंभ अवसर पर किसानों से संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए हरियाणा सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 24 फसलों पर एमएसपी, भावांतर भुगतान योजना, "मेरी फसल-मेरा ब्यौरा" और "मेरा पानी-मेरी विरासत" जैसी पहलें देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने मिट्टी की सेहत पर जताई चिंता
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अत्यधिक और असंतुलित रासायनिक उर्वरकों तथा कीटनाशकों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता लगातार घट रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही खाद का उपयोग करें। उन्होंने कहा, धरती कह रही है कि मुझे जरूरत से ज्यादा खाद और कीटनाशक मत दो। संतुलित उर्वरक ही स्वस्थ धरती और बेहतर भविष्य की कुंजी है।

मोबाइल बताएगा मिट्टी की जरूरत- शिवराज सिंह
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकार ऐसी तकनीक विकसित कर रही है, जिससे किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने खेत की मिट्टी की स्थिति और आवश्यक उर्वरक की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। इससे लागत कम होगी और उत्पादन अधिक टिकाऊ बनेगा।

प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अपने खेत के कम से कम एक हिस्से में प्राकृतिक खेती का प्रयोग करने का आग्रह किया। साथ ही जलवायु परिवर्तन और कम वर्षा की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा धान के स्थान पर दलहन की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 8,000 रुपये प्रोत्साहन राशि देने की योजना को सराहनीय बताया।

खेत बचाओ अभियान बनेगा राष्ट्रीय मिशन
शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि "खेत बचाओ अभियान" केवल एक अभियान नहीं रहेगा, बल्कि इसे राष्ट्रीय मिशन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री के रूप में वे प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी राज्य में इस अभियान से जुड़े कार्यक्रम में भाग लेकर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, स्वस्थ मिट्टी और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं से "खेत बचाओ, भविष्य बचाओ" का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार और किसान मिलकर देश की कृषि को नई दिशा देंगे तथा हरियाणा मॉडल को पूरे देश में आगे बढ़ाया जाएगा।
Varsha Shrivastava 
