मऊगंज: पानी भरते समय कुएं में गिरी 15 वर्षीय किशोरी, परिजनों की सूझबूझ से बची जान 

नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत दूबी गांव में वर्षीय नीलम यादव रोज की तरह घर के पास स्थित कुएं से पानी निकाल रही थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह करीब 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरी।

मऊगंज: पानी भरते समय कुएं में गिरी 15 वर्षीय किशोरी, परिजनों की सूझबूझ से बची जान 

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी

जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत दूबी गांव में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पानी भर रही 15 वर्षीय नीलम यादव पुत्री छोटे लाल यादव अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे कुएं में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीलम रोज की तरह घर के पास स्थित कुएं से पानी निकाल रही थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े। 

परिजनों ने रस्सी के सहारे किशोरी को बाहर निकाला

बिना समय गंवाए परिजनों ने रस्सी और चारपाई का सहारा लेकर कड़ी मशक्कत के बाद करीब 30 मिनट में किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में नीलम के शरीर में अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नईगढ़ी ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आरके पाठक ने बताया कि बालिका को चोटें आई हैं, लेकिन समय पर अस्पताल लाया गया और उपचार के बाद अब उसकी हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है।

इस घटना के बाद दूबी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अधिकांश कुएं खुले हैं और उन पर मुंडेर तक नहीं है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सभी खुले कुओं को तुरंत ढंकने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को यह दिन न देखना पड़े।