इंदौर में बारिश बनी काल: नाले में बहे युवक का शव 2 दिन बाद बरामद, घटना स्थल से 2 km दूर मिली
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी में बुधवार रात तेज बारिश के दौरान नाले के उफान में बहे युवक महेश चौहान का शव शुक्रवार सुबह चंदन नगर थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।
इंदौर में बुधवार शाम से देर रात तक हुई मूसलाधार बारिश के दौरान नाले में बहे युवक का शव आखिरकार दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। यह शव द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था। शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी में बुधवार रात तेज बारिश के दौरान नाले के उफान में बहे युवक महेश चौहान का शव शुक्रवार सुबह चंदन नगर थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। महेश अपनी मोटरसाइकिल से पुल की रपट पार कर रहा था, तभी तेज बहाव में वह बह गया था। जबकि एक दूसरा मनीष नामक युवक भी इस तेज बाहों में बह गया था लेकिन उसको तैरना आता था, इसलिए वह किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि महेश तेज धारा में लापता हो गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और रेस्क्यू टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब दो से तीन किलोमीटर दूर सिरपुर तालाब के मेन गेट के पास महेश का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वही दोनों युवकों की मोटरसाइकिलें भी बह गई थीं, जिन्हें गुरुवार को ही बरामद कर लिया गया था। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
