विश्व रक्तदान दिवस पर ब्रह्माकुमारी आश्रम में कार्यक्रम, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रक्तदाताओं और देहदानकर्ताओं का किया सम्मान

रीवा के प्रजापति ब्रह्माकुमारी आश्रम में विश्व रक्तदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रक्तदाताओं, देहदानकर्ताओं और अंगदानकर्ताओं को सम्मानित किया.

विश्व रक्तदान दिवस पर ब्रह्माकुमारी आश्रम में कार्यक्रम, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रक्तदाताओं और देहदानकर्ताओं का किया सम्मान

रीवा। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रीवा स्थित प्रजापति ब्रह्माकुमारी आश्रम में शनिवार को सम्मान समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारी संस्थान की निर्मला बड़ी दीदी ने की.

कार्यक्रम में संजय गांधी अस्पताल ब्लड बैंक के डॉ. लोकेश त्रिपाठी और जीडीसी रीवा की प्राचार्य डॉ. विभा श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रक्तदान, देहदान और अंगदान करने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रक्तदान, देहदान और अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है. ऐसे दानदाता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो अपने शरीर के अंगों का उपयोग करते हुए दूसरों को नया जीवन और नई रोशनी देने का कार्य करते हैं.

उन्होंने कहा कि अंगदान और देहदान करने वाले लोग वास्तव में सम्मान के पात्र हैं. समाज के लोगों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि ऐसे दानदाताओं की यश-कीर्ति बढ़े और उनके परिवार सदैव सुखी एवं समृद्ध रहें. कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त प्राचार्य और टीआरएस गवर्निंग बॉडी रीवा के सदस्य तथा देहदानदाता राजेंद्र सिंह गहरवार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया. विश्व रक्तदान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, चिकित्सक, शिक्षाविद् एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे.