सतना में सनसनीखेज वारदात: 4 साल के मासूम ने खोला हत्या का राज, बताया पापा ने बड़े पापा को मारा

संपत्ति विवाद में बड़े भाई की हत्या: 4 साल के मासूम की गवाही से पुलिस ने सुलझाई मर्डर मिस्ट्री, बड़े भाई की बेरहमी से हत्या में छोटा भाई और साला गिरफ्तार

सतना में सनसनीखेज वारदात: 4 साल के मासूम ने खोला हत्या का राज, बताया पापा ने बड़े पापा को मारा

सतना। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले का खुलासा एक 4 साल के मासूम बच्चे के बयान के आधार पर किया, जिसने पूरी वारदात का सच बता दिया।

सुनसान दुकान में मिला था घायल युवक... 

जानकारी के अनुसार, तिवनी गांव निवासी 30 वर्षीय राजबहोर कोरी गंभीर रूप से घायल अवस्था में तुर्की रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान दुकान में पड़ा मिला था। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई है, जिसके बाद पुलिस ने इसे संदिग्ध हादसा मानने के बजाय हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शुरुआती जांच में मृतक के परिजन पुलिस को गुमराह करते रहे। हालांकि पुलिस को शक था कि हत्या के पीछे परिवार के ही किसी सदस्य का हाथ हो सकता है। मृतक के पिता और माता ने भी शुरुआत में सच छिपाया और आरोपी को बचाने की कोशिश की।

4 साल के बच्चे ने बताया पूरा सच... 

जांच के दौरान पुलिस टीम जब गांव पहुंची तो टीआई ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की। इसी दौरान उनकी नजर एक 4 साल के बच्चे पर पड़ी। पुलिस अधिकारी ने बच्चे को गोद में लेकर सहजता से पूछा कि उसके बड़े पापा की मौत कैसे हुई।

बच्चे ने मासूमियत से बताया कि उसके पिता और मामा ने बड़े पापा को डंडे से सिर पर मारा था और फिर उन्हें एक सुनसान जगह ले गए। इस बयान ने पुलिस को चौंका दिया और जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह...

जांच में सामने आया कि मृतक राजबहोर अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसके छोटे भाई कृष्णा कोरी के साथ उसका संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। दादा-दादी के पुराने मकान और जमीन को लेकर दोनों भाइयों में लंबे समय से तनाव था।

दादा की मृत्यु के बाद दादी रामबाई कोरी के जरिए संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर भी विवाद बढ़ गया था। आरोप है कि छोटे भाई ने दादी को अपने पक्ष में करके पूरी संपत्ति अपने नाम करवाने की कोशिश की, जिससे बड़ा भाई राजबहोर नाराज था और उसने न्यायालय जाने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साले के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

बेरहमी से की गई हत्या, आरोपी गिरफ्तार... 

1 जून को जब राजबहोर अपनी पत्नी को मंदिर के पास छोड़कर बाइक से लौट रहा था, तभी तुर्की रेलवे स्टेशन के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया। उसके बाद डंडे से उसके सिर पर हमला किया गया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद उसे सुनसान दुकान में ले जाकर दोबारा बेरहमी से पीटा गया और मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले में ठोस सबूत मिलने और बच्चे के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। जांच में सामने आए तथ्यों के बाद मृतक के छोटे भाई कृष्णा कोरी और उसके साले लवकुश कोरी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ऑटो वाहन और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।

फिलहाल, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला परिवारिक विवाद का गंभीर परिणाम है, जिसमें एक मासूम की गवाही ने पूरे केस की दिशा बदल दी।