सतना: ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मौत पर बवाल, UCL फैक्ट्री के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन

यूनिवर्सल केबल लिमिटेड फैक्ट्री में ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की मौत के बाद हुआ जमकर हंगामा। परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, 10 लाख मुआवजे की मांग की।

सतना: ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मौत पर बवाल, UCL फैक्ट्री के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन

सतना। UCL (यूनिवर्सल केबल लिमिटेड) फैक्ट्री में गुरुवार को ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। फैक्ट्री में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सत्य प्रकाश तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है, लेकिन परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि सत्य प्रकाश तिवारी को सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी के दौरान सीने में तेज दर्द और हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस हुए थे। आरोप है कि उस समय उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय फैक्ट्री परिसर में ही गैस की दवा और नींबू पानी दिया जाता रहा। परिवार का दावा है कि लगभग दो घंटे तक उचित चिकित्सा सहायता नहीं मिली और सुबह करीब 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना से आक्रोशित परिजन और समर्थक मृतक का शव एंबुलेंस में लेकर दोपहर 3 बजे यूनिवर्सल केबल फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सत्य प्रकाश तिवारी को अस्पताल पहुंचाया जाता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। साथ ही उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर उचित आर्थिक सहायता नहीं देने का आरोप लगाते हुए 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी है।

स्थिति को देखते हुए मौके पर CSP देवेंद्र प्रताप सिंह, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कर मामला शांत कराने के प्रयास किए। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और लापरवाही के आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।