अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, दो वनकर्मी घायल
मैहर में आरक्षित वनभूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग और पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में दो वनकर्मी घायल हुए और जेसीबी मशीनों को नुकसान पहुंचा, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैहर। जिले के बदेरा थाना क्षेत्र में आरक्षित वनभूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर मैहर वन परिक्षेत्र की जुड़वानी बीट अंतर्गत बहिली गांव में हुई। पथराव में दो वनकर्मी घायल हो गए, जबकि अतिक्रमण हटाने में लगी दो जेसीबी मशीनों के कांच क्षतिग्रस्त हो गए। मामले में बदेरा थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित 60 से 70 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम आरक्षित वनभूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ ने टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। अधिकारियोंं की मौजूदगी में हालात पर काबू पाया गया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर बदेरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में रामसरोवर कोल, शिवप्रसाद कोल, राजू साकेत और रामप्रताप कोल शामिल हैं। इसके अलावा घटना में शामिल 60 से 70 अज्ञात महिला एवं पुरुषों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल से मिले वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित वनभूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

