घर में घुसा विशाल धामन सांप, मचा हड़कंप
मझगवां के आनंद मोहल्ले में घर के अंदर विशाल धामन सांप घुसने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
मझगवां। नगर के आनंद मोहल्ला में गुरुवार को एक विशालकाय घोड़ा पछाड़ (धामन) सांप के घर में घुस आने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही घर के सदस्य घबरा गए और तत्काल वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, दादू भाई यादव के घर में सांप दिखाई देने पर उन्होंने बिना जोखिम उठाए वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम के सदस्य विनोद पांडे अपने सहायक धीरेंद्र द्विवेदी के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानी पूर्वक घर की तलाशी लेकर कड़ी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास के लिए दूर स्थित घने जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर उसे मारने या पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वन अधिकारियों ने बताया कि घोड़ा पछाड़ (धामन) सांप विषहीन होता है और खेतों व घरों के आसपास चूहों की संख्या नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

