मऊगंज के शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में प्रवेश उत्सव का भव्य शुभारंभ

मऊगंज के शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में प्रवेश उत्सव का भव्य शुभारंभ, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत

मऊगंज के शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में प्रवेश उत्सव का भव्य शुभारंभ

राजेंद्र पयासी मऊगंज: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय प्रवेश उत्सव एवं इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ 1 जुलाई को गरिमामय वातावरण में हुआ।  कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश, अनुशासन, उपलब्ध सुविधाओं तथा शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराना रहा। शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। छात्रा साक्षी सेन एवं साथियों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। राष्ट्रगीत के बाद अतिथियों का पुष्पहार व बैज से स्वागत किया गया। प्राचार्य ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक एवं श्रीमद्भागवत के प्रख्यात वक्ता राजकुमार शर्मा ने श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसंगों से विद्यार्थियों को मन एवं इन्द्रियों के संयम का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए आत्मसंयम, सकारात्मक चिंतन व श्रेष्ठ संस्कार आवश्यक हैं।  विशिष्ट अतिथि शासकीय कन्या विद्यालय मऊगंज के व्याख्याता रुद्रपाल तिवारी ने अनुशासन और स्व-अनुशासन का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि मन पर विजय पाने वाला ही जीवन के हर क्षेत्र में सफल होता है। प्राचार्य डॉ. सोमदत्त पाण्डेय ने विद्यार्थियों को पुरुषार्थ, आत्मविश्वास एवं मन की शक्ति पर जोर देते हुए लक्ष्य निर्धारण कर सतत प्रयास के लिए प्रेरित किया। संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. पी.के.पी. त्रिपाठी ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक व छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। 

प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राघवेन्द्र मिश्र ने महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों एवं इंडक्शन की रूपरेखा बताई। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. अनवर खान व सह-संयोजक डॉ. बृजकांत साकेत रहे। 
इंडक्शन में विद्यार्थियों को पुस्तकालय, खेलकूद, एनएसएस, सांस्कृतिक गतिविधियों, छात्रवृत्ति एवं शासन की हितग्राही योजनाओं की जानकारी दी गई। नैतिक मूल्य, व्यक्तित्व विकास व अनुशासन के महत्व पर भी चर्चा हुई। 
संचालन डॉ. अनीशा मिश्रा ने किया तथा आभार डॉ. तरुणा सिंह चौहान ने माना। पंजीयन डॉ. विवेक सिंह, डॉ. आशीष सोहगौरा एवं टीम ने किया। इस अवसर पर डॉ. बी.आर. मौर्य, प्रो. राजपाल यादव, डॉ. एन.डी. त्रिपाठी, डॉ. रविशंकर द्विवेदी सहित समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि प्रवेश उत्सव 1 से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न शैक्षणिक व प्रेरणात्मक गतिविधियाँ होंगी।