इंदौर में अग्निकांड के नाम रहा आज का दिन: EV हादसे के अलावा पेस्ट कंट्रोल फैक्ट्री में लगी आग, भंवरकुआं में एक्टिवा जलकर खाक
इंदौर में आज का दिन अग्निकांड के नाम रहा। शहर में आज आगजनी की तीन घटनाएं सामने आई।
इंदौर। शहर में आज का दिन अग्निकांड के नाम रहा। तीन अलग-अलग क्षेत्रों से आगजनी की तीन घटनाएं सामने आई है। पहला मामला आज के लिए देश का सबसे बड़ा हादसा बन गया। घटना बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के 3.30 से 4 बजे के बीच हुई। इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं। हादसे में सभी मृतकों का तिलकनगर स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हुआ, जहां परिजनों ने नम आंखों से विदाई दी। हादसे पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने मुआवजे का ऐलान किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें - इंदौर अग्निकांड: मुक्तिधाम में एक साथ जलीं 7 चिताएं
वहीं, हादसे का वीडियो सामने आया है। हादसे के पहले पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया था, लेकिन कंट्रोल रूम में मौजूद शख्स ने फोन पर जवाब नहीं दिया। घर में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट की फोन पर आवाज भी सुनाई दी।

पेस्ट कंट्रोल बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगने से मचा हड़कंप
दूसरी घटना पालदा इलाके में बुधवार दोपहर को घटित हुई। यहां पेस्ट कंट्रोल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फायर ब्रिगेड के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक बोहरा कारोबारी की फैक्ट्री में आग भड़की। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल और कच्चा माल रखा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद कुणाल सोलंकी मौके पर पहुंचे इस दौरन कुछ मजदूर अंदर फंसे थे।
पार्षद और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। आग की चपेट में आने से कुछ मजदूरों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आईटी पार्क में एक्टिवा जलकर खाक
वहीं, शहर के भंवरकुआ इलाके स्थित आईटी पार्क में भी एक एक्टिवा में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। वहीं, इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

Varsha Shrivastava 
