फूटी कोठी शराब दुकान पर पुलिसकर्मी का हंगामा, VIDEO वायरल

इंदौर के फूटी कोठी शराब दुकान पर प्रधान आरक्षक के हंगामे और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी ने उसे निलंबित कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच एसीपी अन्नपूर्णा को सौंपी है और वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

फूटी कोठी शराब दुकान पर पुलिसकर्मी का हंगामा, VIDEO वायरल
पब्लिक वाणी

इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित फूटी कोठी शराब दुकान पर एक प्रधान आरक्षक द्वारा हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधान आरक्षक तन्मय सिंह तोमर को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच एसीपी अन्नपूर्णा को सौंपी गई है।

दरअसल, इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की फूटी कोठी शराब दुकान पर पुलिस विभाग की खुफिया शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक तन्मय सिंह तोमर द्वारा कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्रधान आरक्षक दुकान के बाहर और अंदर कर्मचारियों से विवाद करते और काउंटर के भीतर घुसकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विवाद किसी सामान की खरीद और उसके भुगतान को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि प्रधान आरक्षक ने वीडियो बना रहे एक एजेंट को थप्पड़ भी मार दिया। घटना के दौरान उसके साथ कुछ अन्य लोगों के मौजूद होने की भी जानकारी सामने आई है।

मामले का संज्ञान लेते हुए जोन-4 के पुलिस उपायुक्त ने आरोपी प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूरे घटनाक्रम की प्रारंभिक जांच सहायक पुलिस आयुक्त अन्नपूर्णा को सौंपी गई है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।