उपेक्षा वाले बयान से पलटे मंत्री विजयवर्गीय, बोले- मुझे कोई जानकारी नहीं
कुछ खबरों में दावा किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चिट्ठी लिखी है कि पिछले ढाई साल से उन्हें असहयोग, उपेक्षा और विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, जब मीडिया ने इस बारे में जब सवाल किया तो मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि पता नहीं, ये जानकारी आपको कहां से मिली।
इंदौर। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है। सीएम के नाम इस चिट्ठी में लिखा है कि ढाई साल से उन्हें असहयोग, उपेक्षा और विरोध का सामना करना पड़ रहा है। ये दावा एक समाचार पत्र द्वारा किया गया है। हालांकि, इस बारे में जब मीडिया ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पता नहीं, ये जानकारी आपको कहां से मिली। उन्हें खुद इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी यह खबर केवल अखबारों में पढ़ी है और इस बारे में वही लोग बेहतर बता सकते हैं जिन्होंने यह खबर प्रकाशित की है।
इंदौर की उपेक्षा वाले कथित पत्र में क्या लिखा था?
दरअसल, कुछ खबरों में दावा किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चिट्ठी लिखी है कि पिछले ढाई साल से उन्हें असहयोग, उपेक्षा और विरोध का सामना करना पड़ रहा है। यदि इंदौर के विकास से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो जनता की आवाज को सार्वजनिक मंच पर उठाना उनकी मजबूरी होगी।

मंत्री विजयवर्गीय ने पत्र में मास्टर प्लान में देरी, इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन के नाम को लेकर आपत्ति, एयरपोर्ट विस्तार के लिए जमीन, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) के विभाजन, पीथमपुर में सुविधाओं की कमी और सिंहस्थ के कामों में इंदौर की अनदेखी जैसे मुद्दे उठाए हैं। 20 जून की इस चिट्ठी के साथ उन्होंने पहले लिखे गए पत्र भी लगाए हैं, जिनमें इंदौर के मास्टर प्लान और मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी का नाम इंदौर केंद्रित रखने की मांग की गई थी।
दिग्विजय सिंह बोले- आपका दर्द मैं समझ रहा हूं
कैलाश विजयवर्गीय के असहयोग और उपेक्षा वाले बयान के बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- आपका दर्द व पीड़ा मैं समझ रहा हूं। वहीं, राज्यसभा में कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने भी 'एक्स' पर लिखा- यदि कैलाश विजयवर्गीय इंदौर की उपेक्षा से आहत हैं, तो जबलपुर और पूरे महाकौशल क्षेत्र में तो बगावत की स्थिति होनी चाहिए।

मंत्री ने ऋषिकेश-इंदौर बस हादसे पर जताया गहरा दुख
राजस्थान के दौसा के पास ऋषिकेश से इंदौर आ रही हंस ट्रेवल्स की बस ट्रेलर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें 6 लोग जिंदा जल गए, जबकि 2 ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। 21 घायल यात्रियों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

इस दर्दनाक हादसे में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गहरा शोक व्यक्त किया। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन से बात कर घायलों के बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें- राजस्थान में बस-ट्रेलर भिड़े, 8 की मौत, 6 जिंदा जले
Varsha Shrivastava 
