इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 11.12 ग्राम ‘MD’ ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच इंदौर पुलिस की कार्रवाई। अवैध मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार। 11.12 ग्राम MD ड्रग की कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये।

इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 11.12 ग्राम ‘MD’ ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को ‘MD’ ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11.12 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन, डिजिटल तोल मशीन और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी भी जब्त की गई है। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी गई है।

संदिग्ध गतिविधि के आधार पर हुई कार्रवाई

क्राइम ब्रांच टीम शहर में लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास शिवालय रोड क्षेत्र में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठे व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर वह घबराने लगा, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका। पूछताछ में वह सही जानकारी नहीं दे सका, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।

तलाशी में मिला ड्रग्स और उपकरण

गाड़ी की विधिवत तलाशी लेने पर सीलिंग बॉक्स के पास एक पारदर्शी पन्नी में 11.12 ग्राम ‘MD’ ड्रग्स बरामद हुआ। साथ ही गाड़ी में एक डिजिटल तोल मशीन भी मिली, जिससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी ड्रग्स की तस्करी में शामिल था। आरोपी की पहचान नंदकिशोर वोरा उर्फ वंश, निवासी मुसाखेड़ी इंदौर के रूप में हुई है।

कॉस्मेटिक शॉप में करता था काम

पुलिस के अनुसार आरोपी एक कॉस्मेटिक शॉप में काम करता है और उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था, जिससे अवैध लाभ कमाया जा सके।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में अपराध क्रमांक 55/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

क्राइम ब्रांच इंदौर ने 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 25 प्रकरण दर्ज किए हैं, जिनमें 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।