भोपाल में डिविजनल कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में फर्जी निकला मामला

भोपाल में डिविजनल कमिश्नर कार्यालय को ईमेल के माध्यम से दी गई बम से उड़ने की धमकी फर्जी निकली है।

भोपाल में डिविजनल कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में फर्जी निकला मामला

भोपाल में सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामले में डिविजनल कमिश्नर कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मेल में दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में कई छोटे RDX बम लगाए गए हैं और दोपहर 1:15 बजे से पहले सभी कर्मचारियों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और कोहेफिजा स्थित कमिश्नर कार्यालय को तुरंत खाली कराकर सुरक्षा घेराबंदी बढ़ा दी गई। मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची और पूरे परिसर की गहन सर्चिंग की गई। हालांकि तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

इससे पहले भी भोपाल में नापतोल विभाग, जिला न्यायालय और एम्स अस्पताल सहित कई सरकारी संस्थानों को इसी तरह की धमकियां ईमेल के माध्यम से मिल चुकी हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। जांच में सामने आया कि यह धमकी भरा ईमेल फर्जी (hoax) था। पुलिस ने बताया कि साइबर क्राइम और क्राइम ब्रांच की टीमें ईमेल के IP एड्रेस के आधार पर भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।

मेल में एक अजीब मांग भी की गई थी, जिसमें Senthil Balaji पर से सीबीआई केस हटाने की बात लिखी गई थी। इसके अलावा मेल में एक फिल्म की तारीफ जैसी असंबंधित बातें भी शामिल थीं, जिससे यह किसी शरारत या साइबर शरारती हरकत का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जांच जारी है।