भोपाल में भाजपा का दो दिवसीय महा-प्रशिक्षण शिविर, दिग्गज नेताओं ने शिविर में बिताई रात
भोपाल में पं. दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण महाअभियान 2026 क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने किया समापन, 12 सत्रों में पढ़ाया गया अनुशासन का पाठ।
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के तहत राजधानी भोपाल में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन होगा। इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के 226 नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। शनिवार से शुरू हुए इस आयोजन में 12 अलग-अलग सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, अनुशासन, कार्यपद्धति और आगामी रणनीतियों की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी की ताकत उसकी मजबूत संगठनात्मक संरचना में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को न केवल संगठन की रीति-नीति से अवगत कराया जाता है, बल्कि उन्हें समाज के बीच बेहतर तरीके से काम करने की प्रेरणा भी मिलती है।

आज अजय जामवाल ने किया शिविर का समापन
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे और अंतिम दिन भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भोपाल पहुंचे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रशिक्षण शिविर समापन किया और सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के गुर सिखाए।

समापन सत्र से पहले प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह भी प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए। वहीं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी नेताओं के अनुसार इस प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक अनुशासन को मजबूत करना है।

प्रशिक्षण शिविर में अनुशासन का दिया संदेश
प्रशिक्षण शिविर की सबसे खास बात यह रही कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम किया। पार्टी ने इसे अनुशासन और सादगी का प्रतीक बताया। रात प्रशिक्षण स्थल पर बिताने वालों में प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल सांसद आलोक शर्मा और महापौर मालती राय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

शिविर में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीमित संसाधनों के उपयोग का भी संदेश दिया। कई कार्यकर्ता स्कूटी, ई-रिक्शा और बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जबकि कई नेता एक ही वाहन में सवार होकर आए। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है।

मोबाइल पार्किंग और सख्त अनुशासन व्यवस्था
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन कार्यक्रम स्थल पर जमा कराए गए। इसके लिए अलग से मोबाइल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। पार्टी का मानना है कि इससे प्रतिभागियों का पूरा ध्यान प्रशिक्षण सत्रों पर केंद्रित रहा।

भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान प्रदेशभर में 1 मई से 31 मई तक आयोजित किया जा रहा है। भोपाल के अलावा कटनी और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

पार्टी का दावा है कि इस महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ते हुए आगामी चुनावी और सामाजिक गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
Varsha Shrivastava 
