भोपाल में BJP की संगठनात्मक बैठक: प्रशिक्षण महाअभियान पर चर्चा, 1 मई से शुरू होंगे जिला प्रशिक्षण वर्ग

ओरछा में होगी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने की घोषणा।

भोपाल में BJP की संगठनात्मक बैठक: प्रशिक्षण महाअभियान पर चर्चा, 1 मई से शुरू होंगे जिला प्रशिक्षण वर्ग

भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल (Hemant Khandelwal) ने संबोधित किया। बैठक में प्रदेश संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रशिक्षण से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

1 मई से 30 मई तक चलेंगे प्रशिक्षण वर्ग

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि 1 मई से 30 मई तक पूरे मध्य प्रदेश में जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग 11 विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी की यह नियमित प्रक्रिया है, जिसके तहत हर साल कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत किया जाता है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और कार्यपद्धति से और अधिक जोड़ना है।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

बैठक में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर काम को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जिला स्तर पर जिम्मेदारियों का भी निर्धारण किया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आने वाले समय में पार्टी की कार्यक्षमता को और मजबूत करेगा।

ओरछा में होगी पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक

बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह भी घोषणा की कि मई महीने में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ओरछा में आयोजित की जाएगी। यह उनकी अध्यक्षता में पहली कार्यसमिति बैठक होगी, जिसे संगठन के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

नियुक्तियों पर भी दिया बयान

निगम और मंडलों में नियुक्तियों को लेकर उठ रहे सवालों पर हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कई बार सभी नामों पर सर्वसम्मति नहीं बन पाती, इसलिए प्रक्रिया में समय लगता है। उन्होंने कहा कि योग्य और सक्षम लोगों को ही जिम्मेदारी दी जाएगी।

बीजेपी ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले महीनों में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाई जाएगी। प्रशिक्षण, नियुक्तियों और कार्यसमिति बैठकों के जरिए संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।