पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर रॉकेट हमला: कुनार में 7 की मौत, 75 घायल

Pakistan और Afghanistan के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। कुनार प्रांत में मिसाइल/रॉकेट हमलों में 7 लोगों की मौत और 75 घायल हुए। तालिबान ने पाकिस्तान पर आरोप लगाए, जबकि पाकिस्तान ने इन्हें खारिज किया।

पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर रॉकेट हमला: कुनार में 7 की मौत, 75 घायल

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में सोमवार को हुए रॉकेट और मोर्टार हमलों में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में यूनिवर्सिटी के छात्र, महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक शामिल हैं।

तालिबान सरकार ने इन हमलों के लिए सीधे पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। तालिबान के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे असदाबाद शहर में कई इलाकों पर हमले हुए। इनमें सैयद जमालुद्दीन अफगानी यूनिवर्सिटी और आसपास के आवासीय इलाके भी शामिल हैं।

पाकिस्तान का जवाब..
पाकिस्तान ने तालिबान के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा कि यूनिवर्सिटी या रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने की खबरें बेबुनियाद और प्रोपगैंडा हैं। इस्लामाबाद का दावा है कि उसकी कोई कार्रवाई अगर होती भी है तो सिर्फ आतंकवादी ठिकानों पर ही होती है।

हमले से पहले क्या हुआ..
इस हमले से एक दिन पहले रविवार को कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। सूत्रों के अनुसार, इस झड़प में पाकिस्तान के 6 सैनिक मारे गए और एक सैनिक को तालिबानी लड़ाकों ने बंधक बना लिया। साथ ही कुछ हथियार भी ले गए।
तालिबान का कहना है कि पाकिस्तानी फायरिंग में एक स्थानीय बच्चे की मौत के बाद उन्होंने जवाबी कार्रवाई की। इन दावों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


बढ़ता तनाव..
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच फरवरी 2026 से ही गंभीर संघर्ष चल रहा है। पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि टीटीपी (पाकिस्तानी तालिबान) अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल करके पाकिस्तान में हमले कर रहा है। तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती आई है। मार्च में दोनों देशों के बीच एक सीजफायर हुआ था, जिससे कुछ हफ्तों के लिए हिंसा रुकी, लेकिन अब स्थिति फिर बिगड़ती दिख रही है। चीन, तुर्किए, कतर, सऊदी अरब और UAE जैसे देश पहले भी दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें क्षतिग्रस्त घरों और घायलों के दृश्य दिख रहे हैं।


दोनों पक्षों की स्थिति..

तालिबान: इसे “देश की संप्रभुता का उल्लंघन” और “युद्ध अपराध” बता रहा है।
पाकिस्तान: कह रहा है कि वह सिर्फ अपनी सुरक्षा के लिए आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।

यह तनाव बढ़ने से दोनों तरफ नागरिकों की जान जा रही है और क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ रही है।