CGBSE 10th-12th Result: जिज्ञासु वर्मा बने 12वीं टॉपर, 10वीं में महासमुंद की संध्या और परीरानी ने मारी बाजी

छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट 2026 जारी। 12वीं में लड़कियों ने फिर मारी बाजी, टॉप 10 मेरिट लिस्ट में 43 स्टूडेंट्स के नाम। 10वीं में महासमुंद की संध्या और परीरानी ने बनी टॉपर।

CGBSE 10th-12th Result: जिज्ञासु वर्मा बने 12वीं टॉपर, 10वीं में महासमुंद की संध्या और परीरानी ने मारी बाजी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 2026 के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। इस बार भी परिणाम में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। दोनों कक्षाओं में पास प्रतिशत संतोषजनक रहा और कई जिलों के विद्यार्थियों ने टॉप-10 मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई।

12वीं बोर्ड रिजल्ट 2026: 83.04% छात्र पास

12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 83.04% छात्र पास हुए हैं। इस परीक्षा में करीब 2.44 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से लगभग 2.02 लाख विद्यार्थी सफल रहे। लड़कियों का प्रदर्शन एक बार फिर लड़कों से बेहतर रहा, जहां छात्राओं का पास प्रतिशत 86.04% और छात्रों का 78.86% दर्ज किया गया। टॉप-10 मेरिट लिस्ट में इस बार कुल 43 छात्रों के नाम शामिल हैं, जो राज्य के विभिन्न जिलों से आते हैं।

12वीं टॉपर्स: जिज्ञासु वर्मा ने किया टॉप

12वीं परीक्षा में बलौदाबाजार जिले के जिज्ञासु वर्मा ने 98.60% अंक हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। वे सरस्वती शिशु मंदिर, पलारी के छात्र हैं और उनके पिता किराना दुकान चलाते हैं। जिज्ञासु का सपना इंजीनियर बनने का है।

दूसरे स्थान पर बेमेतरा की ओमनी वर्मा रहीं, जिन्होंने 98.20% अंक प्राप्त किए। वहीं तीसरे स्थान पर रायगढ़ के कृष महंत रहे, जिनके 97.80% अंक आए हैं। टॉपर्स में रायगढ़, जशपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद और कांकेर जैसे जिलों के विद्यार्थी शामिल हैं। राज्य सरकार ने टॉपर्स को प्रोत्साहन स्वरूप ₹1.5 लाख की राशि देने की घोषणा की है।

10वीं बोर्ड रिजल्ट 2026: 77.15% रहा परिणाम

10वीं बोर्ड परीक्षा में इस साल लगभग 3.21 लाख छात्र शामिल हुए, जिनमें से 77.15% विद्यार्थी पास हुए। टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 42 छात्रों ने स्थान बनाया।

10वीं टॉपर्स: महासमुंद की बेटियों का जलवा

10वीं परीक्षा में महासमुंद जिले की संध्या नायक और परीरानी प्रधान ने संयुक्त रूप से 594 अंक प्राप्त कर टॉप किया। दोनों छात्राएं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आती हैं और एकलव्य इंग्लिश स्कूल व अन्य संस्थानों से पढ़ाई कर रही हैं। तीसरे स्थान पर मुंगेली के अंशुल शर्मा रहे, जो भविष्य में इंजीनियरिंग या JE की तैयारी करना चाहते हैं।