ईरान की अनुमति के बाद होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़े LPG से लदे 2 भारतीय जहाज

अमेरिका-इजराइल और ईरान तनाव के बीच LPG लेकर आ रहे भारत के दो जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत के मुंद्रा और कांडला बंदरगाह की ओर बढ़ रहे हैं।

ईरान की अनुमति के बाद होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़े LPG से लदे 2 भारतीय जहाज
‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। खाड़ी देशों से LPG लेकर आ रहे दो भारतीय जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं और अब भारत के पश्चिमी तट की ओर बढ़ रहे हैं।

भारतीय झंडे वाले ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ नाम के LPG कैरियर शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट पार कर गए। इन दोनों जहाजों में कुल 92,700 टन LPG लदा हुआ है, जो भारत के लिए महत्वपूर्ण आपूर्ति मानी जा रही है।

शिपिंग जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि दोनों जहाज अब गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाह की ओर बढ़ रहे हैं। अनुमान है कि ये जहाज अगले 2 से 3 दिनों में भारत पहुंच जाएंगे।

जंग के कारण फंसे थे कई जहाज:
मिडिल-ईस्ट में युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से में करीब 24 जहाज फंस गए थे, जिनमें ये दोनों भारतीय जहाज भी शामिल थे। सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कई दिनों तक जहाजों की आवाजाही प्रभावित रही।

ईरान ने दी थी गुजरने की अनुमति:
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने शुक्रवार को कहा था कि ईरान ने कई भारतीय जहाजों को इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति दी है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कुल कितने जहाजों को अनुमति दी गई।

फिलहाल दोनों जहाजों के सुरक्षित आगे बढ़ने से भारत की LPG सप्लाई को लेकर चिंता काफी हद तक कम हो गई है।