इंदौर: मणिकर्णिका घाट को लेकर कांग्रेस का विरोध, सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा नेताओं पर साधा निशाना
वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट को ध्वस्त किए जाने और वहां मौजूद मंदिरों और प्रतिमाओं को हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने राजवाड़ा स्थित देवी अहिल्या प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया।
वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट को ध्वस्त किए जाने और वहां मौजूद मंदिरों और प्रतिमाओं को हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने राजवाड़ा स्थित देवी अहिल्या प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
वहीं, बड़ी संख्या में राजवाड़ा स्थित देवी अहिल्या की प्रतिमा पर धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देवी अहिल्या बाई होल्कर द्वारा वाराणसी में स्थापित मंदिरों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में तोड़ा जा रहा है, जो सरकार की मंशा को उजागर करता है। कांग्रेस ने इसे आस्था और सांस्कृतिक विरासत पर हमला बताया।
मुख्यमंत्री-विजयवर्गीय के बयान पर जताई आपत्ति
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कटाक्ष किया। विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस को विकास का हिसाब देने की चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा कि विकास के नाम पर भाजपा को पहले अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मौत पर राजनीति किए जाने संबंधी बयान पर भी सज्जन सिंह वर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसे बयान दे रही है और जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाया जा रहा है।
17 जनवरी को इंदौर आएंगे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जलापूर्ति से सैकड़ों लोगों के बीमार होने और कई लोगों की मौत के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस गंभीर घटना को लेकर 17 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर आएंगे और भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
वहीं राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि जो लोग दूसरे दल के नेताओं पर हमला करने या उन्हें रोकने का प्रयास करते हैं, वे कायर मानसिकता के लोग हैं। उन्होंने प्रशासन से राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की।
Varsha Shrivastava 
