बैरसिया में कांग्रेस का जन न्याय सत्याग्रह आंदोलन, 25 घंटे के उपवास पर बैठे नेता; जयवर्धन सिंह हुए शामिल

बैरसिया में कांग्रेस ने किसानों और जनसमस्याओं को लेकर जन न्याय सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया। 25 घंटे के उपवास में राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए और मोहन सरकार पर निशाना साधा।

बैरसिया में कांग्रेस का जन न्याय सत्याग्रह आंदोलन, 25 घंटे के उपवास पर बैठे नेता; जयवर्धन सिंह हुए शामिल

बैरसिया। किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को लेकर बैरसिया में कांग्रेस पार्टी ने जन न्याय सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया। कांग्रेस नेताओं ने बस स्टैंड पर 25 घंटे का उपवास रखकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आंदोलन के पहले ही दिन पूर्व मंत्री और राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में क्षेत्र की जनता परेशान है और अवैध गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बैरसिया क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जबकि प्रशासन कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है।

किसानों और जनसमस्याओं को लेकर उठाई आवाज

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान डिफाल्टर हो रहे हैं। वहीं पार्वती पुल लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनपद पंचायत में दलालों के हावी होने और कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए गए।

आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने बैरसिया-भोपाल रोड को 6 लेन बनाने, टूटी सड़कों की मरम्मत, पार्वती पुल का जल्द निर्माण, गेहूं खरीदी में किसानों पर लगाए जा रहे दंड ब्याज को समाप्त करने और भ्रष्टाचार व अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की।

जयवर्धन सिंह बोले- मोहन सरकार में किसान और आमजन परेशान

आंदोलन में पहुंचे पूर्व मंत्री एवं राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहन सरकार में किसान और आम जनता दोनों परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज उठाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।