नोरा फतेही ने मांगी माफी, कहा- अब नहीं करूंगी ऐसे आइटम सॉन्ग, गाने का इरादा अश्लीलता फैलाने का नहीं था
नोरा फतेही ‘सरके चुनर’ गाने के विवाद के बाद महिला आयोग के सामने पेश हुईं और माफी मांगी। नोरा ने भविष्य में ऐसे आइटम सॉन्ग न करने का भरोसा दिया और अनाथ बच्चियों की पढ़ाई में मदद करने की बात भी कही।
केडी - द डेविल के गाने 'सरके चुनर’ में अश्लीलता को लेकर विवाद के बीच गुरुवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही राष्ट्रीय महिला आयोग एनसीडब्ल्यू के सामने पेश हुईं। उन्होंने आयोग को लिखित माफीनामा सौंपते हुए कहा कि उनका किसी की इमोशंस को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। नोरा ने यह भी भरोसा दिया कि भविष्य में वह ऐसे आइटम सॉन्ग नहीं करेंगी, जिससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने अनाथ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी लेने की बात कही।

महिला आयोग के सामने पेशी
नोरा फतेही ने दिल्ली में महिला आयोग की चेयरपर्सन विजया रहाटकर के सामने पेश होकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही लिखित में माफी दे दी है और एक कलाकार के तौर पर अपनी जिम्मेदारी को स्वीकार करती हैं। नोरा ने कहा कि उनका किसी को आहत करने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन वह हालात में फंस गईं। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्होंने सिर्फ कन्नड़ वर्जन की शूटिंग की थी और बिना उनकी जानकारी के गाने का हिंदी वर्जन बना दिया गया।

अनाथ बच्चियों की शिक्षा का जिम्मा
नोरा फतेही ने माफी के साथ एक बड़ा कदम उठाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह अनाथ बच्चियों की पढ़ाई में मदद करेंगी और उनकी शिक्षा का खर्च खुद उठाएंगी। नोरा के मुताबिक, समाज को कुछ न कुछ वापस देना जरूरी है, इसलिए वह इस दिशा में काम करना चाहती हैं।

संजय दत्त ने भी मांगी माफी
इस मामले में पहले अभिनेता संजय दुत्त भी महिला आयोग के सामने पेश हो चुके हैं। उन्होंने माफी मांगी थी और 50 आदिवासी बच्चियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा किया था। आयोग ने गाने में महिलाओं को दिखाने के तरीके और शब्दों पर आपत्ति जताई थी। यह विवाद 15 मार्च को फिल्म केडी - द डेविल का हिंदी गाना रिलीज होने के बाद शुरू हुआ। लोगों को गाना पसंद नहीं आया और सोशल मीडिया पर इसे अश्लील और महिलाओं का अपमान बताया गया। इसके बाद में मेकर्स ने गाना यूट्यूब से हटा दिया। इस पर रवि किशन, कंगना रनौत और अरमान मलिक जैसे कई अन्य लोगों ने भी अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की।

Varsha Shrivastava 
