मैहर में राशन घोटाला: ₹27.81 लाख के खाद्यान्न की गड़बड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार
मैहर के ताला थाना क्षेत्र में पीडीएस राशन वितरण में ₹27.81 लाख से अधिक के खाद्यान्न की अनियमितता सामने आई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
मैहर। जिले के ताला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दो उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आई है। जांच में दोनों दुकानों से कुल ₹27.81 लाख से अधिक मूल्य का खाद्यान्न कम पाया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार बहुउद्देशीय सेवा सहकारी समिति रामगढ़ द्वारा संचालित बिधुई खुर्द उचित मूल्य दुकान में विक्रेता अवधेश चतुर्वेदी और सहायक विक्रेता दीपक चतुर्वेदी पर मार्च से जून 2026 के बीच हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं देने का आरोप है। जांच में यहां ₹12,92,987.79 मूल्य का खाद्यान्न कम मिला।
इसी समिति की अमझर उचित मूल्य दुकान में भी इसी तरह की अनियमितता सामने आई। यहां जांच में ₹14,88,103.20 मूल्य का खाद्यान्न कम पाया गया। दोनों मामलों में कुल खाद्यान्न की कमी ₹27,81,090.99 आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 262/2026 और 263/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 316(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपक चतुर्वेदी (37) निवासी ग्राम बिछिया खुर्द, थाना ताला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी अवधेश चतुर्वेदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर के निर्देशन, एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी ताला निरीक्षक महेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गरीब हितग्राहियों के राशन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Anubhav Dubey 
