मऊगंज में गूंजा वंदे मातरम, कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
मऊगंज में स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण हुआ।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। जिले में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय कुमार जैन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह की शुरुआत सुरक्षा बलों के हर्ष फायर और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के साथ हुई। विशेष सशस्त्र बल और जिला पुलिस बल के जवानों ने बैंड की धुन पर अनुशासित परेड प्रस्तुत की, जिसे देखकर मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ लाइव प्रसारण
समारोह में भोपाल से मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण भी किया गया। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अपने संबोधन में जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। कार्यक्रम की शुरुआत और समापन वंदे मातरम गान के साथ हुआ।

बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां
समारोह में जिले के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों के गीत और नृत्य ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मऊगंज जिले की विकास पुस्तिका का विमोचन कर जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच उसका वितरण किया गया।

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम में इन्हें मिला स्थान
सशस्त्र परेड में विशेष सशस्त्र बल पुरुष ने पहला स्थान हासिल किया। जिला पुलिस बल दूसरे और जिला पुलिस बल महिला तीसरे स्थान पर रहा। बिना हथियार वाली परेड में एनसीसी सीनियर प्रथम, स्काउट बालक द्वितीय और एनसीसी जूनियर तृतीय स्थान पर रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊगंज ने पहला, एमजी पब्लिक स्कूल ने दूसरा और बिरसा मुंडा इंटरनेशनल स्कूल देवतालाब ने तीसरा स्थान हासिल किया।

पूरे जिले में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
मुख्य समारोह के अलावा मऊगंज जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों और शासकीय-अशासकीय शिक्षण संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, बीजेपी जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, शहीदों के परिजन, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी और पत्रकार मौजूद रहे।

Anubhav Dubey 
