मैहर में करंट से वन्यजीवों का शिकार, तेंदुए के अवयव मिलने की आशंका, चार आरोपी गिरफ्तार

मैहर में करंट लगाकर वन्यजीवों के शिकार और अवैध अवयव व्यापार के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तेंदुए के अवयव मिलने की आशंका, तीन आरोपी अब भी फरार हैं.

मैहर में करंट से वन्यजीवों का शिकार, तेंदुए के अवयव मिलने की आशंका, चार आरोपी गिरफ्तार

मैहर. वनमंडल मैहर के परिक्षेत्र मैहर की बीट सढ़ेरा अंतर्गत ग्राम भदनपुर दक्षिण पट्टी में करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार करने और उनके अवयवों के अवैध व्यापार का मामला सामने आया है. वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार हैं.

गिरफ्तार आरोपियों में शरबाई केवट, शिव प्रसाद केवट, फूल कुमार केवट (तीनों निवासी भदनपुर दक्षिण पट्टी) तथा सुरेन्द्र सिंह उर्फ भैया (निवासी सोनवारी) शामिल हैं. सभी आरोपियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 28 और 29 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

वन विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जब्त किए गए वन्यजीव अवयव प्रथम दृष्टया तेंदुए के प्रतीत हो रहे हैं. बरामद हड्डियां भी तेंदुए अथवा बाघ की होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, इसकी अंतिम पुष्टि वैज्ञानिक परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. मौके से नाखून, दांत और हड्डियां भी जब्त की गई हैं.

मामले में जलमेश केवट (भदनपुर दक्षिण पट्टी), विनोद सिंह पटेल (सोनवारी) और अनिल सिंह पटेल (हरदासपुर) अभी फरार हैं. वन विभाग ने इनकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले या विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए ₹2,000 के नगद इनाम की घोषणा की है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. संबंधित सूचना मोबाइल नंबर 8827050009 पर दी जा सकती है.

वन विभाग ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है. वैज्ञानिक परीक्षण की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.