Mauganj News: अतिथि शिक्षकों ने भरी हुंकार, 12 माह कार्यकाल और नियमितीकरण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

मऊगंज में बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर नारेबाजी की. कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के नाम का पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर को सौंपा.

Mauganj News: अतिथि शिक्षकों ने भरी हुंकार, 12 माह कार्यकाल और नियमितीकरण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

अतिथि शिक्षक संघ समन्वय समिति जिला मऊगंज ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों ने रैली निकालकर नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम संयुक्त कलेक्टर को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा.

अतिथि शिक्षकों के हित में नीति बनाने की मांग

मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में अतिथि शिक्षकों ने कहा कि सरकार उनके हित में स्थायी नीति बनाकर समस्याओं का समाधान करे. अतिथि शिक्षकों ने मांग की कि उनका कार्यकाल 12 माह और 62 वर्ष की आयु तक किया जाए.

नियमितीकरण और बोनस अंक की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि जो अतिथि शिक्षक 5 से 10 वर्ष तक सेवा दे चुके हैं और बीएड, डीएड के साथ पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, उन्हें नियमित किया जाए। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा के अनुसार चयन परीक्षा में बोनस अंक देकर परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग भी उठाई गई।

बकाया मानदेय भुगतान की मांग

अतिथि शिक्षकों ने सितंबर 2025 से लंबित मानदेय और ई-अटेंडेंस में तकनीकी कारणों से रुके भुगतान को जल्द जारी करने की मांग की. इसके अलावा पूर्व में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को 1 जून 2026 से स्कूलों में पुनः उपस्थित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही.

बड़ी संख्या में पहुंचे अतिथि शिक्षक

इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज तिवारी, पूर्णानंद शर्मा, ज्ञानवेंद्र कुमार पांडेय, श्रीनिवास द्विवेदी, अरुण कुमार मिश्रा, ओमप्रकाश पांडेय, राजेश्वरी प्रसाद तिवारी, संतोष मिश्रा, रमेश कुमार तिवारी, श्रवण त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक मौजूद रहे.

मनोज तिवारी, जिला अध्यक्ष मऊगंज ने कहा कि सरकार अतिथि शिक्षकों के हित में स्थायी नीति बनाए। लंबे समय से सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों को नियमित किया जाए और लंबित मानदेय का जल्द भुगतान हो.