परसमनिया गढ़ी गोलीकांड: 6वें दिन फॉरेंसिक टीम ने किया घटना स्थल का मुआयना, जुटाए साक्ष्य

उचेहरा थाना क्षेत्र की परसमनिया गढ़ी में 11 जून को पारिवारिक विवाद की गई फायरिंग मामले में अब 6वें दिन घटना स्थल का फॉरेंसिक टीम ने परीक्षण किया।

परसमनिया गढ़ी गोलीकांड: 6वें दिन फॉरेंसिक टीम ने किया घटना स्थल का मुआयना, जुटाए साक्ष्य

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र की परसमनिया गढ़ी में 11 जून को पारिवारिक विवाद के चलते रूपेन्द्र सिंह उर्फ बाबा राजा पर हुए हमले और मारपीट के दौरान उनकी वर्किंग पार्टनर सुनीता सिंह की तरफ से की गई फायरिंग के चलते पत्नी योगिता सिंह के घायल होने के मामले में अब 6वें दिन घटना स्थल का फॉरेंसिक टीम ने परीक्षण किया।

वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ परसमनिया पहुंचकर गढ़ी के हॉल का बारीकी से मुआयना किया, जहां बाबा राजा के साथ मारपीट और तोडफ़ोड़ की गई तो उस कमरे में भी गए जहां से सुनीता ने फायर किए थे। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। उचेहरा पुलिस की मौजूदगी में घटना स्थल के परीक्षण के बीच टीम को दीवार पर तीन गोलियों के निशान भी मिले हैं। जल्द ही फॉरेंसिक टीम अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिससे जांच में काफी मदद मिल सकती है।

11 जून को हुआ था खूनी संघर्ष

गौरतलब है कि बीते कई सालों से रूपेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके कारण दोनों अलग-अलग रहते हैं। 11 जून को योगिता सिंह अपने भाई नागेन्द्र सिंह, उनके कुछ साथियों और बेटे को लेकर गढ़ी पहुंची थी। जहां चर्चा के दौरान बात बिगड़ गई, तब नागेन्द्र और उनके साथियों ने बाबा राजा पर हमला कर दिया।

इसी बीच कमरे में बंद सुनीता सिंह ने लाइसेंसी राइफल से 3-4 राउंड फायर किया, जिसमें से एक गोली दीवार से टकराकर योगिता सिंह के पेट में जा लगी थी। इसके बाद उन्हें रीवा के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने जहां हत्या की कोशिश का अपराध दर्ज कर सुनीता को जेल भेज दिया है, तो वहीं बाबा राजा की रिपोर्ट पर साले नागेन्द्र समेत तीन के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया गया है।