युवक की हत्या का फरार चल रहा आरोपी भोपाल से गिरफ्तार, सतना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हत्याकांड का खुलासा कर सतना पुलिस ने 4 महीने से फरार चल रहे आरोपी को भोपाल में दबिश देकर दबोचा

युवक की हत्या का फरार चल रहा आरोपी भोपाल से गिरफ्तार, सतना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सतना। डेढ़ महीने पहले चाकू मारकर युवक की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने भोपाल से गिरप्तार कर लिया। हत्या की वारदात में शामिल चार आरोपी पहले ही गिरप्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से मोटर साइकिल बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

वैवाहिक कार्यक्रम में हुआ था विवाद  

जानकारी के अनुसार, रोहित डोहर पिता रामलाल डोहर निवासी गौरा मेदनीपुर गुरूवार को कोठी थाना के रनेही गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया हुआ था। यहां पर 24 साल के रोहित का हलवाई सतीश डोहर से कहासुनी हो गई। रात करीब 9 बजे के करीब मृतक रोहित अपने भाई के साथ गांव जाने के लिए निकला। तभी सामुदायिक भवन के पास रास्ता रोक कर सतीश और उसके साथियों ने रोहित के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रोहित की मौत हो गई थी। 1 मई को मृतक के भाई ने कोठी थाना में 5 आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई थी।

चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

कोठी पुलिस ने युवक की हत्या के आरोपी सतीश डोहर पिता शिव कुमार डोहर निवासी गौरा थाना सिविल लाइन, गौरीशंकर वर्मा पिता चुनकावन निवासी सुजावल नईबस्ती थाना सभापुर, अमर चौधरी पिता राजेश निवासी सुजावल नईबस्ती थाना सभापुर एवं एक नाबालिग अपचारी को पहले ही पकड़ लिया था। तीन आरोपिायों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था। जबकि नाबालिग अपचारी को बाल न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

एक आरोपी भाग गया था दिल्ली

कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि रोहित की हत्या कर आरोपी उमेश चौधरी पिता गनपत चौधरी निवासी मौहारी थाना नागौद दिल्ली भाग गया था, जहां वह काफी समय तक रहा। दिल्ली से जब आरोपी उमेश भोपाल आया, लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम को भोपाल रवाना किया गया। पुलिस टीम भोपाल में दबिश देकर आरोपी उमेश को गिरफ्तार कर सतना लाई। कार्रवाई में एएसआई अश्विनीधर द्विवेदी, राज बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सेन, प्रमोद तिवारी, आरक्षक रिंकू जाटव, रामनरेश बैगा, विशाल नागर शामिल रहे।