हिंदुत्व के मुद्दे पर कांग्रेस का उपवास, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का BJP पर बड़ा हमला
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने हिंदुत्व, शंकराचार्य, अयोध्या, भोपाल में सड़क धंसने और SIR को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए.
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने हिंदुत्व, शंकराचार्य, अयोध्या, भोपाल में सड़क धंसने और SIR को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए.
हिंदुत्व और शंकराचार्य को लेकर बयान
पीसी शर्मा ने कहा कि “अंग्रेजों ने भी कभी यह नहीं पूछा कि शंकराचार्य कौन हैं, लेकिन बीजेपी की सरकार ऐसा कर रही है। यह सीधा-सीधा अपमान है. शिष्यों के साथ मारपीट हुई, हिंदुओं का अपमान किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट को तहस-नहस किया गया और कहा कि जहां मोक्ष मिलता है, वहां भी उजाड़ दिया गया है. पूरे हिंदुस्तान में नरक जैसी स्थिति बना दी गई है.
भोपाल में गौ माता के अपमान का आरोप
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि भोपाल में गौ माता का अपमान हो रहा है और गौ-तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसी के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 24 जनवरी को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर एक दिवसीय उपवास करेगी. उन्होंने बताया कि इस दौरान शंकराचार्य जी की पूजा-अर्चना होगी और कांग्रेस नेता, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल होंगे.
अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूरे होने पर टिप्पणी
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूरे होने पर पीसी शर्मा ने बीजेपी को रावणी तत्व बताया। उन्होंने कहा, “बीजेपी कभी भगवान राम के पदचिन्हों पर नहीं चल सकती। मैं खुद अयोध्या गया हूं, भगवान राम इन्हें सद्बुद्धि दें।”
भोपाल में सड़क धंसने का मामला
भोपाल में सड़क धंसने की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल ठेकेदारों पर होती है, अधिकारियों पर नहीं.
पीसी शर्मा ने आरोप लगाया, सरकार जानती है कि बिना पैसे काम नहीं होता. सीएम हेल्पलाइन अब हेल्पलेस हो गई है. प्रदेश में हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है.
SIR को लेकर नए आरोप
SIR मामले में पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे पर आज ज्ञापन देगा. उन्होंने आरोप लगाया कि “7 नंबर फार्म बीजेपी कार्यालय से बांटे जा रहे हैं. अल्पसंख्यकों को जबरन फार्म दिए जा रहे हैं और आदिवासियों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पहले फर्जी तरीके से नाम जोड़कर चुनाव जीते गए और अब जबरन नाम काटने का काम हो रहा है. कांग्रेस को इस संबंध में कई शिकायतें मिली हैं और पार्टी इस पर कड़ा एक्शन लेगी.
shivendra 
