जम्मू-कश्मीर: डोडा में सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद, 11 घायल किए गए एयरलिफ्ट
जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी गहरी खाई में गिरी। हादसे में 10 जवानों की मौत। गंभीर रूप से घायल 11 जवानों को किया गया एयरलिफ्ट।
जम्मू-कश्मीर। डोडा जिले में 22 जनवरी गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब भारतीय सेना की एक गाड़ी भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 10 जवानों के शहीद होने की पुष्टि हुई है, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के समय वाहन में कुल 21 सैनिक सवार थे।
गंभीर रूप से घायल 11 जवानों को किया एयरलिफ्ट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी जवान ऊपरी इलाके में स्थित एक सैन्य पोस्ट पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रास्ता पहाड़ी और बेहद संकरा होने के कारण ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिससे सेना की गाड़ी लगभग 200 से 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल 11 जवानों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने व्यक्त किया शोक
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी घटना पर दुख जताते हुए शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Varsha Shrivastava 
