पेट्रोल-डीजल पर राज्य करों में 50% कटौती की मांग, महंगाई से राहत देने की अपील: अजय सिंह
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए पेट्रोल-डीजल पर राज्य करों में 50% कटौती और सस्ते राशन की व्यवस्था करने की मांग की है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पेट्रोल और डीजल पर लगाए जाने वाले राज्य करों में तत्काल 50 प्रतिशत कटौती की मांग की है। उनका कहना है कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ रहा है, जिसके चलते आवश्यक वस्तुओं और खाद्यान्नों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
रविवार को जारी बयान में अजय सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम नागरिकों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। परिवहन खर्च बढ़ने से बाजार में रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं महंगी हो गई हैं, जिससे आम लोगों को भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वेट में 50 प्रतिशत की कटौती करती है तो आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी कमी आएगी और जनता को राहत मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से गेहूं, चावल, दाल, खाद्य तेल और शक्कर जैसी जरूरी वस्तुएं नियंत्रित एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की मांग की।
अजय सिंह ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ा है। वहीं मध्यम वर्ग भी इस आर्थिक दबाव से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण लोगों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाना भी चुनौती बनता जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने टैक्स में कटौती और सस्ते राशन की व्यवस्था कर आम जनता को राहत नहीं दी, तो लोग आंदोलन के लिए मजबूर हो सकते हैं।
shivendra 
