पहले रणवीर को ऑफर हुई थी कबीर सिंह! क्यों ठुकराई फिल्म? डायरेक्टर ने बताया सच
‘कबीर सिंह’ का रोल पहले रणवीर सिंह को ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने कहानी को मना कर दिया था। बाद में शाहिद कपूर ने फिल्म की और ये ब्लॉकबस्टर बन गई।
फिल्म ‘कबीर सिंह’ भले ही 2019 में रिलीज हुई थी, लेकिन आज भी इसकी खूब चर्चा होती है। कम लोग जानते हैं कि इस फिल्म में शाहिद कपूर से पहले रणवीर सिंह को लेने की तैयारी थी।
डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने खुद बताया था कि उन्होंने सबसे पहले ‘कबीर सिंह’ की कहानी रणवीर सिंह को सुनाई थी। वो तेलुगु फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ की हिंदी रीमेक रणवीर के साथ बनाना चाहते थे। लेकिन रणवीर ने यह फिल्म करने से मना कर दिया।
रणवीर को नहीं पसंद आई थी फिल्म
संदीप के मुताबिक रणवीर को फिल्म की कहानी काफी डार्क लगी थी। उन्हें लगा कि उस वक्त यह किरदार उनके लिए सही नहीं है, इसलिए उन्होंने फिल्म छोड़ दी।

रणवीर के मना करने के बाद ये रोल शाहिद कपूर को मिला। उस समय कई लोगों को शक था कि शाहिद यह फिल्म चला पाएंगे या नहीं, क्योंकि उनकी सोलो फिल्में पहले 100 करोड़ तक नहीं पहुंची थीं। लोग कहते थे कि अगर रणवीर होते तो फिल्म ज्यादा कमाई करती। लेकिन संदीप को शाहिद पर पूरा भरोसा था।
सुपर हिट रही कबीर सिंह
शाहिद कपूर ने फिल्म में गुस्सैल और परेशान डॉक्टर कबीर सिंह का रोल निभाया। कियारा आडवाणी उनकी गर्लफ्रेंड के किरदार में नजर आईं। फिल्म में गुस्सा, शराब की लत और खराब रिश्तों को दिखाया गया, जिस पर काफी बहस भी हुई।
कमाई के मामले में ‘कबीर सिंह’ ने सबको चौंका दिया। करीब 60 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 379 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए। यह 2019 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बनी और शाहिद कपूर के करियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई।
साथ काम करेंगे रणवीर और संदीप?
आज संदीप रेड्डी वांगा अपनी अगली फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर चर्चा में हैं। वहीं रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर चुकी है। ऐसे में अगर कभी रणवीर और संदीप साथ काम करते हैं, तो दर्शकों को कुछ बड़ा देखने को मिल सकता है।
Saba Rasool 
