निरंकारी समाज ने किया 133 यूनिट रक्तदान, 21वें शिविर में दिखी सेवा भावना

रीवा में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन और सिंधी समाज द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 133 यूनिट रक्तदान हुआ, जिसमें महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

निरंकारी समाज ने किया 133 यूनिट रक्तदान, 21वें शिविर में दिखी सेवा भावना
पब्लिकवाणी

रीवा में रविवार को मानवता दिवस के मौके पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन और सिंधी समाज की ओर से विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। यह शिविर घोघर स्थित संत निरंकारी भवन, ईदगाह रोड में आयोजित हुआ। खास बात ये रही कि यह लगातार 21वां साल है, जब यह रक्तदान शिविर लगाया गया।

शिविर में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 133 यूनिट रक्तदान हुआ। इनमें 74 पुरुष और 59 महिलाओं ने रक्तदान किया। वहीं 18 साल के 13 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा की शुरुआत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रीवा सिंधी समाज के अध्यक्ष दादा प्रहलाद सिंह और डॉक्टर आशुतोष ने फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि रक्तदान से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को आगे आना चाहिए।

आयोजकों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान करने से कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह एक नेक काम है, जिससे जरूरतमंदों की मदद होती है।